शैलपुत्री : मां दुर्गा की पहली शक्ति की पावन कथा, महत्व ,पूजा विधि, मंत्र, मूलाधार चक्र मजबूत करने के उपाय

शैलपुत्री

अनंत शक्तियों से संपन्न हैं नवरात्रि की पहली देवी मां शैलपुत्री का स्वरूप 







नवरात्रि में दुर्गा पूजा के अवसर पर दुर्गा देवी के नौ रूपों की पूजा-उपासना बहुत ही विधि विधान से की जाती है। इन रूपों के पीछे तात्विक अवधारणाओं का परिज्ञान धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है। आइए जानते हैं मां शैलपुत्री के बारे में... 

भगवती माँ दुर्गा अपने पहले स्वरूप में 'शैलपुत्री' के नाम से जानी जाती हैं।पर्वतराज हिमालय के घर पुत्री रूप में उत्पन्न होने के कारण इनका नाम 'शैलपुत्री' पड़ा था ।वृषभ-स्थिता इन माताजी के दाहिने हाथ में त्रिशूल और बाएँ हाथ में कमल-पुष्प सुशोभित है।ये ही नवदुर्गाओं में प्रथम दुर्गा हैं।अपने पूर्व जन्म में ये प्रजापति दक्ष की कन्या के रूप में उत्पन्न हुई थीं !

तब इनका नाम 'सती' था। इनका विवाह भगवान शंकरजी से हुआ था।एक बार प्रजापति दक्ष ने एक बहुत बड़े यज्ञ का आयोजन किया। इस यज्ञ में  उन्होंने सारे देवताओं को अपना-अपना यज्ञ-भाग प्राप्त करने के लिए निमंत्रित किया, किन्तु शंकरजी को उन्होंने इस यज्ञ में निमंत्रित नहीं किया। सती ने जब सुना कि उनके पिता एक अत्यंत विशाल यज्ञ का अनुष्ठान कर रहे हैं, तब वहाँ जाने के लिए उनका मन विकल हो उठा।


अपनी यह इच्छा उन्होंने शंकरजी को बताई। सारी बातों पर विचार करने के बाद उन्होंने कहा- प्रजापति दक्ष किसी कारणवश हमसे रुष्ट हैं। अपने यज्ञ में उन्होंने सारे देवताओं को निमंत्रित किया है। उनके यज्ञ-भाग भी उन्हें समर्पित किए हैं, किन्तु हमें जान-बूझकर नहीं बुलाया है। कोई सूचना तक नहीं भेजी है। ऐसी स्थिति में तुम्हारा वहाँ जाना किसी प्रकार भी श्रेयस्कर नहीं होगा।'
शंकरजी के इस उपदेश से सती का प्रबोध नहीं हुआ। पिता का यज्ञ देखने, वहाँ जाकर माता और बहनों से मिलने की उनकी व्यग्रता किसी प्रकार भी कम न हो सकी। उनका प्रबल आग्रह देखकर भगवान शंकरजी ने उन्हें वहाँ जाने की अनुमति दे दी।सती ने पिता के घर पहुँचकर देखा कि कोई भी उनसे आदर और प्रेम के साथ बातचीत नहीं कर रहा है। सारे लोग मुँह फेरे हुए हैं। केवल उनकी माता ने स्नेह से उन्हें गले लगाया। बहनों की बातों में व्यंग्य और उपहास के भाव भरे हुए थे।परिजनों के इस व्यवहार से उनके मन को बहुत क्लेश पहुँचा। उन्होंने यह भी देखा कि वहाँ चतुर्दिक भगवान शंकरजी के प्रति तिरस्कार का भाव भरा हुआ है। दक्ष ने उनके प्रति कुछ अपमानजनक वचन भी कहे। यह सब देखकर सती का हृदय क्षोभ, ग्लानि और क्रोध से संतप्त हो उठा। उन्होंने सोचा भगवान शंकरजी की बात न मान, यहाँ आकर मैंने बहुत बड़ी गलती की है।वे अपने पति भगवान शंकर के इस अपमान को सह न सकीं। उन्होंने अपने उस रूप को तत्क्षण वहीं योगाग्नि द्वारा जलाकर भस्म कर दिया। वज्रपात के समान इस दारुण-दुःखद घटना को सुनकर शंकरजी ने क्रुद्ध होअपने गणों को भेजकर दक्ष के उस यज्ञ का पूर्णतः विध्वंस करा दिया।




सती ने योगाग्नि द्वारा अपने शरीर को भस्म कर अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया। इस बार वे 'शैलपुत्री' नाम से विख्यात हुर्ईं। पार्वती, हैमवती भी उन्हीं के नाम हैं। उपनिषद् की एक कथा के अनुसार इन्हीं ने हैमवती स्वरूप से देवताओं का गर्व-भंजन किया था।'शैलपुत्री' देवी का विवाह भी शंकरजी से ही हुआ। पूर्वजन्म की भाँति इस जन्म में भी वे शिवजी की ही अर्द्धांगिनी बनीं। नवदुर्गाओं में प्रथम शैलपुत्री दुर्गा का महत्व और शक्तियाँ अनंत हैं।नवरात्री पूजन में प्रथम दिवस में इन्ही की पूजा और उपासना की जाती हैं। माता शैलपुत्री को नमन !🙏

कैसे करें शैलपुत्री की पूजा?


  • नवरात्रि के पहले दिन स्‍नान करने के बाद स्‍वच्‍छ वस्‍त्र धारण करें।
  • पूजा के समय पीले रंग के वस्‍त्र पहनना शुभ माना जाता है। 
  •  शुभ मुहूर्त में कलश स्‍थापना करने के साथ व्रत का संकल्‍प लिया जाता है।
  • मां शैलपुत्री को घी अर्पित करें। मान्‍यता है कि ऐसा करने से आरोग्‍य मिलता है। 
  • नवरात्रि के पहले दिन शैलपुत्री का ध्‍यान मंत्र पढ़ने के बाद  स्तोत्र पाठ और कवच पढ़ना चाहिए। 
  • शाम के समय मां शैलपुत्री की आरती कर प्रसाद बांटें। 
  • फिर अपना व्रत खोलें।

मां शैलपुत्री ध्‍यान मंत्र

मां शैलपुत्री को इन मंत्रों से प्रसन्‍न किया जाता है:-
ॐ देवी शैलपुत्र्यै नमः॥

वन्दे वाञ्छितलाभाय चन्द्रार्धकृतशेखराम्।
वृषारुढां शूलधरां शैलपुत्रीं यशस्विनीम्॥

पुणेन्‍दु निभां गौरी मूलाधार स्थितां प्रथम दुर्गा त्रिनेत्राम्।
पटाम्‍बर परिधानां रत्‍नाकिरीटा नामालंकार भूषिता।।

प्रफुल्‍ल वंदना पल्‍लवाधरां कातंकपोलां तुग कुचाम्।
कमनीयां लावण्‍यां स्‍नेमुखी क्षीणमध्‍यां नितम्‍बनीम्।।

मां शैलपुत्री  स्तोत्र पाठ 

प्रथम दुर्गा त्वंहिभवसागर: तारणीम्।
धन ऐश्वर्यदायिनी शैलपुत्री प्रणमाभ्यम्॥

त्रिलोजननी त्वंहि परमानंद प्रदीयमान्।
सौभाग्यरोग्य दायनी शैलपुत्री प्रणमाभ्यहम्॥

चराचरेश्वरी त्वंहिमहामोह: विनाशिन।
मुक्तिभुक्ति दायनीं शैलपुत्री प्रमनाम्यहम्॥

शैलपुत्री कवच 

ओमकार: मेंशिर: पातुमूलाधार निवासिनी।
हींकार: पातु ललाटे बीजरूपा महेश्वरी॥

श्रींकारपातुवदने लावाण्या महेश्वरी ।
हुंकार पातु हदयं तारिणी शक्ति स्वघृत।

फट्कार पात सर्वागे सर्व सिद्धि फलप्रदा॥



नवरात्रि के प्रथम दिन देवी के शैलपुत्री स्वरुप की उपासना करके मूलाधार चक्र से जुड़ी हुई समस्याओं को दूर किया जा सकता है।

अगर मूलाधार चक्र कमजोर है तो इसके लक्षण क्या हैं?

  • व्यक्ति का स्वास्थ्य सामान्यतः कमजोर रहता है।
  • कुछ न कुछ बीमारियां लगी रहती हैं।
  • व्यक्ति के अंदर पशुता का भाव रहता है।
  • व्यक्ति जीवन में कभी कभी स्वार्थी भी हो जाता है।

नवरात्रि के पहले दिन क्या करें उपाय कि मूलाधार चक्र मजबूत हो जाए?

  • दोपहर के समय लाल वस्त्र धारण करें।
  • देवी को लाल फूल और लाल फल अर्पित करें।
  • देवी को ताम्बे का सिक्का भी अर्पित करें।
  • इसके बाद पहले अपने गुरु का स्मरण करें।
  • तत्पश्चात अपने आज्ञा चक्र पर ध्यान लगाएं।
  • ध्यान जितना लम्बा और गहरा होगा, लाभ उतना ही ज्यादा होगा।

यह भी पढ़ें :-

0/Write a Review/Reviews

Previous Post Next Post